Jamshedpur News: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में युवती से कथित छेड़खानी और जबरन कार में बैठाने की कोशिश के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. पूरे मामले की निगरानी डीएसपी संजीव कुमार कर रहे हैं. उन्होंने जांच टीम को सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों की हो रही जांच
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि घटना के समय कार में आरोपी के साथ कितने लोग मौजूद थे और उनकी भूमिका क्या थी. मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी मिलान किया जा रहा है.
युवती ने लगाए गंभीर आरोप
बिरसानगर निवासी युवती ने लोहार लाइन निवासी आशिष रंधावा पर घर के बाहर गाली-गलौज, छेड़खानी, जबरन कार में बैठाने की कोशिश और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है.
अन्य आरोपियों पर भी हो सकती है कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.