राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में एक बार फिर से बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। बीते तीन दिनों से रांची और आसपास के इलाकों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के लिए ताजा चेतावनी जारी की है।रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए तेज हवा और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है। यह अलर्ट 24 और 25 जून के लिए प्रभावी रहेगा।
इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 29 जून तक राज्य में व्यापक वर्षा की संभावना बनी हुई है। 25 से 29 जून तक पूरे झारखंड में तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
फिलहाल मौसम के सामान्य होने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। अनुमान है कि 29 जून के बाद ही मौसम में स्थिरता आ सकती है।