Gumla: गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित बसाईर टोली में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। तेज बारिश के कारण एक कच्चा मिट्टी का मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। मकान ढहने से दंपति और उनका पांच वर्षीय बेटा मलबे में दबकर घायल हो गए। घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर प्रसतन रौतिया (55), उनकी पत्नी टेनी देवी (50) और बेटे रितिक सिंह (5) को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की त्वरित मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मासूम की हालत गंभीर, सदर अस्पताल रेफर
हादसे में पांच वर्षीय रितिक सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उसके माता-पिता भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बेंदोरा पंचायत के मुखिया सुशील दीपक मिंज मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल राहत के रूप में एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
ग्रामीणों ने की मुआवजे और सुरक्षित आवास की मांग
इस हादसे के बाद क्षेत्र में जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, राहत सामग्री और स्थायी आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही लोगों से लगातार हो रही बारिश के दौरान जर्जर मकानों में रहने से बचने और मौसम खराब होने पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील भी की गई है।