East Singhbhum: पूर्वी सिंहभूम जिले में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पोटका प्रखंड से शुरू हुआ संक्रमण अब आसपास के इलाकों तक फैलने लगा है। इसी बीच जादूगोड़ा क्षेत्र के एक 25 वर्षीय युवक की ब्रेन मलेरिया से मौत हो गई। इस मौत के साथ जिले में इस बीमारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।
इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
मृतक की पहचान जादूगोड़ा के झरिया गांव निवासी रितिक सिंह (25) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले गालूडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। बताया गया कि इलाज का खर्च लगातार बढ़ने के कारण परिजन उन्हें वहां से एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर लेकर आए। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने ब्रेन मलेरिया होने की पुष्टि की
मृतक के भाई विकास सिंह ने बताया कि रितिक ब्रेन मलेरिया से पीड़ित था। चिकित्सकीय उपचार के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रेन मलेरिया का सबसे अधिक प्रभाव पोटका प्रखंड में देखने को मिला था, लेकिन अब जादूगोड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में भी इसके मामले सामने आने लगे हैं। लगातार हो रही मौतों से लोगों में भय का माहौल है।
रोकथाम के लिए व्यापक अभियान की मांग
क्षेत्र के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने, मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव करने और लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।