Adityapur: आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार विधि विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी गए कई इलेक्ट्रॉनिक सामान भी बरामद किए गए हैं।
शटर का ताला तोड़कर दिया था चोरी की वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की रात रोड नंबर-06 स्थित श्रेया इंटरप्राइजेज मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में दुकान संचालक नीरज प्रसाद की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत के अनुसार, चोर दुकान से पांच स्मार्टफोन, दो पावर बैंक, एक ब्लूटूथ स्पीकर, एक ईयरबड और करीब चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे।
निशानदेही पर बरामद हुआ चोरी का सामान
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रविकांत पराशर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने चार विधि विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया। पुलिस ने निरुद्ध किशोरों की निशानदेही पर चोरी किए गए पांच स्मार्टफोन, दो पावर बैंक और एक ब्लूटूथ स्पीकर बरामद कर जब्त कर लिया। हालांकि चोरी गए सभी सामान अब तक बरामद नहीं हो सके हैं।
किशोर न्याय बोर्ड भेजे गए सभी आरोपी
पुलिस ने सभी विधि विरुद्ध किशोरों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। वहीं, शेष चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।