Giridih News : जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को सरिया अंचल के बाल्हेडीह जंगल में संचालित अवैध पत्थर खदान पर संयुक्त छापेमारी की। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके से करोड़ों रुपये मूल्य की भारी मशीनें और उपकरण जब्त किए, जबकि छह लोगों को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
यह संयुक्त अभियान एसडीओ संतोष गुप्ता के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में एसडीपीओ धनंजय राम, अंचल अधिकारी संतोष कुमार, सरिया थाना प्रभारी पिंकू कुमार सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में सुरक्षा बल शामिल रहे। टीम ने जंगल के भीतर संचालित अवैध खदान को चारों ओर से घेरकर उत्खनन कार्य तत्काल बंद करा दिया।
अवैध खनन सिंडिकेट की भूमिका की जांच, प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी
छापेमारी के दौरान प्रशासन ने पत्थर उत्खनन में प्रयुक्त भारी मशीनें, उपकरण और अन्य संसाधन जब्त कर लिए। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और अवैध खनन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई। हिरासत में लिए गए छह लोगों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध खदान का संचालन कथित रूप से ताजुद्दीन अंसारी, नरेश पासवान और सुरेश नायक द्वारा किया जा रहा था। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है और सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, बाल्हेडीह जंगल में लंबे समय से अवैध पत्थर खनन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से यह संयुक्त कार्रवाई की गई। अचानक हुई छापेमारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग फरार हो गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और जांच के आधार पर पूरे खनन नेटवर्क के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी संपत्ति और प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।