Jamshedpur News : भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा, जमशेदपुर महानगर ने जिले में आदिवासी भूमि के कथित अवैध हस्तांतरण और खरीद-बिक्री के मामलों पर चिंता जताते हुए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष रमेश बास्के के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बागबेड़ा, परसूडीह, सुंदरनगर, घाघीडीह, बिरसानगर, मानगो और बोड़ाम समेत कई क्षेत्रों में भू-माफिया सक्रिय हैं। इनके द्वारा कथित तौर पर आदिवासी मूल रैयतों को डरा-धमकाकर या भय का माहौल बनाकर जमीन से संबंधित एकरारनामा तैयार कराया जा रहा है, जिसके आधार पर गैर-आदिवासियों को जमीन हस्तांतरित की जा रही है।
सीएनटी एक्ट के उल्लंघन का आरोप, जिला स्तर पर निगरानी समिति बनाने की मांग
भाजपा एसटी मोर्चा ने दावा किया कि इस तरह की प्रक्रिया छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम (सीएनटी एक्ट) की धारा 46(1) और 71A की भावना के विपरीत है। ज्ञापन में कहा गया कि ऐसे मामलों के कारण भविष्य में भूमि स्वामित्व को लेकर विवाद उत्पन्न होते हैं, जिससे मारपीट, धोखाधड़ी, रंगदारी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
मोर्चा ने उपायुक्त से जिला अथवा पंचायत स्तर पर निगरानी समिति (मॉनिटरिंग कमेटी) गठित करने की मांग की, ताकि आदिवासी भूमि की कथित अवैध खरीद-बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और ऐसे मामलों पर समय रहते रोक लगाई जा सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष रमेश बास्के के साथ जिला मीडिया प्रभारी विजय गोंड, जिला मंत्री मनोज कुमार सरदार, जिला मंत्री संजय सिंह भूमिज, प्रकाश सरदार सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।