Gamharia: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर में पुलिस ने देर रात तीन युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवकों के पास से IT से संबंधित कुछ सामान बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान गुलशन कुमार, सुमित कुमार और ताहिर खान के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों युवक शिवनारायणपुर में शशि सिंह के किराए के मकान में रह रहे थे।
पूछताछ के लिए थाना लाए गए युवक
पुलिस तीनों युवकों को पूछताछ के लिए गम्हरिया थाना लेकर आई है। बरामद सामान और युवकों की गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मकान मालिक ने लगाया ताला तोड़ने का आरोप
वहीं, मकान मालिक शशि सिंह ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग बिना किसी सूचना के उनके घर पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। मकान मालिक के अनुसार, उन्हें सुबह जानकारी मिली कि पुलिस उनके किराएदारों को अपने साथ ले गई है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस को कार्रवाई करनी थी तो मकान मालिक को इसकी जानकारी दी जानी चाहिए थी। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी उनके घर में चोरी की घटना हो चुकी है, ऐसे में अचानक हुई कार्रवाई को लेकर उन्हें आपत्ति है।
IT सामान की जांच जारी
मामले को लेकर SDPO से दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी। फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बरामद IT से जुड़े सामान की जांच की जा रही है। तीनों युवकों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।