Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-09

Jamshedpur Crime News: सरजामदा में बाइक चोरी के शक में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, समय पर अस्पताल न ले जाने से गई जान

Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित बांधडीह में बुधवार देर रात एक युवक की लाठी-डंडों से पिटाई के बाद मौत हो गई. मृतक की पहचान सोपोडेरा निवासी 27 वर्षीय रोहित मुंडा के रूप में हुई है. गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया.


पार्टी के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, रोहित बुधवार रात सालगाझरी में दोस्तों के साथ पार्टी में गया था. वहां किसी बात पर विवाद हुआ था. इसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन बस्ती पहुंचने पर विवाद फिर बढ़ गया.

आरोप है कि कुछ युवकों ने रोहित को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

घर ले गए परिजन, कुछ देर बाद हुई मौत
मारपीट के बाद रोहित को अस्पताल पहुंचाने के बजाय घर ले जाया गया. परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने पर उसने पानी पिया और शुरुआत में उसकी हालत सामान्य लग रही थी. कुछ देर बाद अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई.

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घायल को समय पर अस्पताल नहीं ले जाने से उसकी हालत ज्यादा गंभीर हुई या नहीं.

बाइक चोरी के शक में हत्या का दावा
मृतक के साथी बजरंग ने हत्या के पीछे बाइक चोरी का शक बताया है. उसका दावा है कि पार्टी खत्म होने के बाद रोहित एक युवक की बाइक अपने घर ले आया था. इसी बात पर विवाद हुआ और बाद में उसके साथ मारपीट की गई.

पुलिस बाइक चोरी के शक और विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

सुजल और हरिपद समेत अन्य पर आरोप
रोहित के परिजनों ने बस्ती के सुजल, हरिपद और अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल कुछ लोगों की पहचान हो गई है. सभी मृतक के परिचित बताए जा रहे हैं. मामले की जांच जारी है.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !