Bokaro News: बोकारो के जैनामोड़ स्थित होटल आर्यन इंटरनेशनल में एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित कबड्डी तकनीकी पदाधिकारियों के राष्ट्रीय रिफ्रेशर एवं फ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे तकनीकी पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण में भाग लेकर खेल संचालन की आधुनिक तकनीकों और नियमों की बारीकियां सीखीं।
अंतरराष्ट्रीय कोच ने सिखाईं तकनीकी बारीकियां
प्रशिक्षण के दौरान साईं के पूर्व प्रशिक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय कोच-ट्रेनर के. जगमोहन ने प्रतिभागियों को कबड्डी के तकनीकी पहलुओं, मैच संचालन और निर्णय प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। प्रशिक्षण का उद्देश्य तकनीकी पदाधिकारियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप तैयार करना रहा।
निष्पक्ष खेल के लिए प्रशिक्षित अधिकारी जरूरी
समापन समारोह के मुख्य अतिथि दक्षिण-पूर्व रेलवे, बोकारो क्षेत्र के एरिया रेलवे मैनेजर विनीत कुमार ने कहा कि तकनीकी पदाधिकारी किसी भी खेल प्रतियोगिता की रीढ़ होते हैं। उन्होंने निष्पक्ष और बेहतर प्रतियोगिता संचालन के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बेहद जरूरी बताते हुए कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड की इस पहल की सराहना की। साथ ही भविष्य में बोकारो में राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी जोर दिया। एसोसिएशन के चेयरमैन बिपिन कुमार सिंह ने कहा कि यहां प्रशिक्षित अधिकारी भविष्य में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ओलंपिक स्तर पर भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने इसे झारखंड और बोकारो के लिए गर्व का विषय बताया।
प्रतिभागियों ने की प्रशिक्षण और मेजबानी की सराहना
उत्तर प्रदेश से प्रशिक्षण लेने पहुंचीं सीता सिंह ने कहा कि कार्यक्रम बेहद व्यवस्थित और उपयोगी रहा। उन्होंने बताया कि यहां का वातावरण, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और आयोजन की व्यवस्था काफी अच्छी रही। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण से मिली सीख का लाभ उन्हें आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जरूर मिलेगा।