West Singhbhum News: पूर्वी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत चाकुलिया के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने बीएलओ को समय पर प्रपत्र वितरण और त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर गणना प्रपत्र भरने की अपील की.
मतदाता सूची अपडेट करने के कार्य की समीक्षा
उपायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय, सिंदुरगौरी स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्ति और BLO ऐप में अपलोड की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र मतदाताओं तक प्रपत्र समय पर पहुंचें और डिजिटाइजेशन का काम बिना किसी त्रुटि के तय समय में पूरा किया जाए. निरीक्षण के दौरान डीडीसी नागेंद्र पासवान, एडीसी अनुराग तिवारी, एसडीएम घाटशिला, बीडीओ और सीओ भी मौजूद रहे.
मतदाताओं को जागरूक करने पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्र पहुंचे लोगों से संवाद किया और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को सही और अद्यतन रखने के लिए सभी पात्र मतदाता समय पर गणना प्रपत्र भरें और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराएं. साथ ही बीएलओ को घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाने और किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने नहीं देने के निर्देश दिए.
सबर परिवारों की समस्याएं भी सुनीं
दौरे के दौरान उपायुक्त सालबनी और ग्वालडागिया स्थित सबर टोला भी पहुंचे. यहां उन्होंने परिवारों से बातचीत कर उन्हें SIR-2026 अभियान की जानकारी दी और गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित किया. इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं के लाभ, आधार कार्ड और जाति प्रमाण पत्र की स्थिति की भी समीक्षा की. जिन परिवारों के जरूरी दस्तावेज नहीं बने हैं, उनके लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए. वहीं, आवास योजना से वंचित परिवारों का सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर योजना का लाभ दिलाने को भी कहा.