Ranchi News : झारखंड में प्रस्तावित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने गुरुवार को रांची के इटकी प्रखंड में प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर जमीन की उपलब्धता और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ संस्थान के लिए प्रस्तावित भूमि का जायजा लिया और इटकी के अंचल अधिकारी को 40 एकड़ जमीन चिन्हित कर उसकी नापी का कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि आगे की प्रक्रिया समय पर शुरू की जा सके।
आयुर्वेद चिकित्सा, शिक्षा, अनुसंधान और आयुष सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
शशि प्रकाश झा ने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना से झारखंड में आयुर्वेद चिकित्सा, शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही राज्य के लोगों को बेहतर आयुष स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी मिलेगा।
केंद्र सरकार ने देश के तीन राज्यों में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने की घोषणा की है। इसी योजना के तहत झारखंड में भी यह संस्थान बनाया जाना प्रस्तावित है।
निरीक्षण के दौरान इटकी के अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।