Ranchi News : गुमला से वर्ष 2018 में लापता हुई छह वर्षीय बच्ची के मामले में झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि मामले की मुख्य आरोपी सुखमनी उराईन का नार्को टेस्ट गुजरात के गांधीनगर स्थित फॉरेंसिक साइंस संस्थान में 3 से 11 अगस्त 2026 के बीच कराया जाएगा।
सरकार ने कोर्ट को बताया कि गुमला के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) से अनुमति मिलने के बाद गांधीनगर स्थित फॉरेंसिक साइंस संस्थान से संपर्क किया गया था। संस्थान से सहमति मिलने के बाद नार्को टेस्ट की तिथि तय की गई है। परीक्षण के लिए झारखंड पुलिस की एक विशेष टीम गुजरात जाएगी।
जांच की प्रगति पर हाई कोर्ट ने मांगा जवाब, 17 अगस्त को अगली सुनवाई
सुनवाई के दौरान मामले के अनुसंधानकर्ता (आईओ) भी अदालत में उपस्थित हुए। हाई कोर्ट ने उनसे पूछा कि वर्ष 2018 से लापता बच्ची की तलाश के लिए अब तक क्या-क्या प्रयास किए गए हैं। अदालत ने जांच की प्रगति पर विस्तृत जानकारी भी मांगी।
मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को निर्धारित की गई है।
गौरतलब है कि यह मामला सितंबर 2018 में गुमला जिले से लापता हुई छह वर्षीय बच्ची से जुड़ा है। बच्ची की बरामदगी की मांग को लेकर उसकी मां चंद्रमुनि उराइन ने झारखंड हाई कोर्ट में हेबियस कॉर्पस याचिका दायर की है।