Bokaro: गोमोह-बरकाकाना रेलखंड पर शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के जारंगडीह के पास कोणार साइडिंग, बड़वाबेड़ा स्थित रेलवे ट्रैक पर युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव, पैर कटा हुआ था
पुलिस के अनुसार, मृत युवक की उम्र करीब 28 वर्ष आंकी जा रही है। शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि उसका दाहिना पैर ट्रेन की चपेट में आने से कट गया था। युवक ने सफेद, काले और पीले रंग की टी-शर्ट तथा काले रंग की पैंट पहन रखी थी। मृतक की पहचान कराने के लिए पुलिस उसके शरीर पर मौजूद निशानों की भी जांच कर रही है। युवक के दाहिने हाथ पर करण नाम का गोदना (टैटू) बना हुआ मिला है, जिसे पहचान का अहम सुराग माना जा रहा है।
पहचान और घटना के कारणों की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही बोकारो थर्मल थाना पुलिस और गोमिया से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।