Dhanbad News : मानसून के दौरान सांप काटने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए धनबाद जिला प्रशासन ने सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-स्नेक वेनम (ASV) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी है। उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 6,130 वायल एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल इलाज संभव होगा।
सबसे अधिक 2,750 वायल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में उपलब्ध हैं। इसके अलावा बाघमारा सीएचसी में 300, बलियापुर सीएचसी में 500, सदर अस्पताल में 380, गोविंदपुर सीएचसी में 380, झरिया (झरिया-सह-जोरापोखर) में 420, निरसा सीएचसी में 480, तोपचांची सीएचसी में 450, टुंडी सीएचसी में 40, टुंडी के लोधरिया आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 10 तथा रामपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 20 वायल उपलब्ध कराए गए हैं।
सांप काटने पर झाड़-फूंक में समय न गंवाएं, तुरंत अस्पताल पहुंचाने की अपील
उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास के चक्कर में समय बर्बाद न करें। मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं, जहां एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान सर्पदंश की घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिले के सभी सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।