चांडिल: अनुमंडल कार्यालय के सभागार में सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय की अध्यक्षता में रथ यात्रा के मद्देनज़र शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में अन्य वर्षों की तरह इस बार भी बिजली, पानी, सड़कों की स्थिति और मुख्य बाजार क्षेत्र की सड़कों पर बहती गंदगी भरी नालियों की समस्या को लेकर चर्चा गर्म रही।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस बार रथ यात्रा से पहले नालियों की समुचित सफा
ई होगी या फिर पिछले वर्षों की तरह इस बार भी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को अपने रथ पर बदबूदार पानी से गुजरना पड़ेगा।
इस विषय में एसडीओ विकास राय ने कहा कि बाजार की सफाई में स्थानीय दुकानदारों की भी जिम्मेदारी बनती है। कई बार देखा गया है कि नाली की सफाई के बाद दुकानदार उसी स्थान पर दोबारा कचरा डाल देते हैं, जिससे नालियां पुनः जाम हो जाती हैं।
फिलहाल, लोगों के मन में यह सवाल बना हुआ है कि क्या इस बार जिला प्रशासन स्वच्छता को प्राथमिकता देगा या श्रद्धालुओं को फिर एक बार गंदगी से होकर रथ खींचना पड़ेगा।
इस बैठक में पारडीह काली मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती, महंत इन्द्रानंद सरस्वती, मधुसूदन गोराई, रजिया सुल्ताना, प्रभात पोद्दार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।