Jamshedpur News : अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में कथित करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता और चोरी के आरोपों की न्यायिक जांच की मांग को लेकर गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जमशेदपुर में विरोध-प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने साकची से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकालकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
रैली का नेतृत्व झामुमो नेता बबन राय ने किया। प्रदर्शन को संदेशात्मक बनाने के लिए भगवान श्रीराम, माता सीता और वानर सेना की झांकियां भी शामिल की गईं। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की तथा कथित वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
उपायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अयोध्या के श्री राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और करोड़ों रुपये की चोरी के आरोपों की न्यायिक जांच कराने की मांग की गई। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

झामुमो नेताओं ने कहा कि देश के किसी भी धार्मिक संस्थान से जुड़े वित्तीय मामलों में यदि भ्रष्टाचार या अनियमितता के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होना लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के विश्वास के लिए आवश्यक है। उनका कहना था कि जांच के जरिए सच्चाई सामने आने से लोगों का भरोसा कायम रहेगा और यदि कोई दोषी है तो उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में झामुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए उपायुक्त कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनी रही।