Ranchi News: राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बुधवार को रांची समाहरणालय में जिला स्तरीय किशोर स्वास्थ्य समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के किशोरों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई. रांची के उपायुक्त ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम और विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के बेहतर व प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का कड़ा निर्देश दिया.
स्कूलो में रोस्टर के अनुसार जाएगी मेडिकल टीम
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि वे पूर्व निर्धारित रोस्टर के अनुसार स्कूलों में नियमित रूप से मेडिकल टीमों को भेजें और बच्चों के स्वास्थ्य जांच अभियान में तेजी लाएं. इसके साथ ही, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHCs) में संचालित “युवा मैत्री केंद्रों” के माध्यम से किशोर-किशोरियों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, ताकि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके.
आयुष्मान आरोग्य केंद्रों में होगा इलाज
समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि स्कूलों में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य जांच शिविरों के माध्यम से बच्चों में बीमारी, कुपोषण और एनीमिया (खून की कमी) जैसे लक्षणों की समय पर पहचान की जा रही है. जांच में ग्रसित पाए जाने वाले जरूरतमंद बच्चों को बेहतर और निशुल्क इलाज के लिए तुरंत आयुष्मान आरोग्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है.
विभिन्न गंभीर विषयों पर किया जा रहा जागरूक
शारीरिक स्वास्थ्य के अलावा किशोरों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया जा रहा है. इसके तहत बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य, साइबर बुलिंग से बचाव के उपाय, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, पॉक्सो (POCSO) कानून की बुनियादी जानकारी, योग और जीवन कौशल (Life Skills) जैसे गंभीर व उपयोगी विषयों पर लगातार शिक्षित और सजग बनाया जा रहा है.