Ranchi News : झारखंड के खूंटी जिले के एक युवक की केरल में टनल निर्माण के दौरान हुए हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान तोरपा प्रखंड के उनुकदा गांव निवासी 25 वर्षीय अनमोल डोडराय के रूप में हुई है। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, अनमोल डोडराय इसी वर्ष फरवरी में गांव के कुछ साथियों के साथ रोजगार की तलाश में केरल के वायनाड गया था। वहां वह एक निर्माणाधीन टनल परियोजना में मजदूर के रूप में कार्य कर रहा था।
तेज बारिश के बीच ढही टनल, कानूनी प्रक्रिया के बाद गांव भेजा जाएगा पार्थिव शरीर
मंगलवार को काम के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण निर्माणाधीन टनल का एक हिस्सा ढह गया, जिससे अनमोल मलबे में दब गया। साथी मजदूरों और राहत टीम ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद केरल प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया और परिजनों को हादसे की सूचना दी। फिलहाल कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद अनमोल का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव उनुकदा भेजा जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अनमोल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से घर से हजारों किलोमीटर दूर काम करने गया था, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की उम्मीदों को झकझोर दिया। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।