Bokaro News: बोकारो के चास थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बुधवार को जोधाडीह मोड़ चौक पर अपराधियों ने बैंक से साढ़े तीन लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे एक बुजुर्ग एलआईसी एजेंट को निशाना बनाया। खम्हार बेंदी गांव निवासी दिनेश चंद्र झा ने बेटी की शादी के लिए लिया गया कर्ज चुकाने हेतु बैंक ऑफ इंडिया की गुरुद्वारा शाखा से ₹3.5 लाख निकाले थे। उन्होंने रकम को बाइक की डिक्की में रखा और घर के लिए रवाना हो गए।
जाम का फायदा उठाकर बाइक की डिक्की से ₹3.5 लाख उड़ाए
जोधाडीह मोड़ चौक पर जाम में फंसने के दौरान एक व्यक्ति ने दिनेश चंद्र झा को बताया कि उनकी बाइक की डिक्की से रुपये से भरा थैला निकालकर एक बाइक सवार आईटीआई मोड़ की ओर फरार हो गया है। पीड़ित ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुका था। इसके बाद उन्होंने तत्काल चास थाना पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बैंक पहुंचकर भी मामले की जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित घटना का सटीक स्थान स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं, इसलिए बैंक से लेकर घटनास्थल तक लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।