Ranchi News : झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मेला के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि इसी महीने मेला शुरू होने वाला है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
न्यायमूर्ति आनंदा सेन की अदालत में सुनवाई के दौरान झारखंड हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड ने जगन्नाथपुर मंदिर के संचालन और प्रबंधन से जुड़ी स्कीम पेश करने के लिए समय मांगा। बोर्ड की ओर से बताया गया कि जगन्नाथपुर मेला 16 जुलाई से शुरू होगा। इस पर अदालत ने सरकार को मेले के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मंदिर परिसर में 24 घंटे पुलिस तैनात, अगली सुनवाई 22 जुलाई को
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि मंदिर की सुरक्षा के लिए सातों दिन 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा सशस्त्र पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 22 जुलाई को निर्धारित की है।
गौरतलब है कि पिछली सुनवाई में कोर्ट ने झारखंड हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड को झारखंड हिंदू धार्मिक ट्रस्ट बोर्ड अधिनियम की धारा 32 के तहत मंदिर के संचालन और प्रबंधन की विस्तृत स्कीम पेश करने का निर्देश दिया था। सुनवाई के दौरान न्यास बोर्ड की ओर से अधिवक्ता भारत कुमार और याचिकाकर्ता की ओर से वरीय अधिवक्ता वीपी सिंह ने पक्ष रखा।