Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-06

Seraikela News: उपायुक्त ने चांडिल के पीवीटीजी बहुल गांवों का किया दौरा, SIR-2026 अभियान की प्रगति परखी

Seraikela: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने सोमवार को चांडिल प्रखंड के पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) बहुल सुदूरवर्ती गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत चल रहे घर-घर एन्यूमरेशन और मतदाता सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चांडिल प्रखंड अंतर्गत धुनाबुरु पंचायत के कोड़ाबुरु, तुलग्राम और पालगाम गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं से बातचीत की और एन्यूमरेशन प्रपत्रों के वितरण, उन्हें भरने की प्रक्रिया तथा मतदाता सत्यापन कार्य की प्रगति की जानकारी ली।


बीएलओ के कार्यों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने विवरण का सत्यापन कराएं और एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर निर्वाचन आयोग के इस अभियान में सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन हो सके। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त दिव्यांग मतदाताओं के घर भी पहुंचे और उनका हालचाल जाना। उन्होंने संबंधित बीएलओ को निर्देश दिया कि दिव्यांग, वृद्ध और अन्य विशेष श्रेणी के पात्र मतदाताओं तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचकर उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।



ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से अभियान पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, ईआरओ-सह-अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल नितिन कुमार, एईआरओ-सह-बीडीओ चांडिल तलेस्वर रविदास, बीएलओ सुपरवाइजर तथा बीएलओ भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष मोबाइल नेटवर्क सहित अन्य स्थानीय समस्याएं भी रखीं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।



हर पात्र मतदाता तक पहुंचने का लक्ष्य
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि SIR-2026 अभियान के दौरान कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से छूटे नहीं। इसके लिए घर-घर जाकर सत्यापन कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा रहा है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !