Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर में अवैध हथियार के साथ डकैती की योजना बनाने और बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी के मामले में फरार चल रहे लखीकांत गोप उर्फ बेगी और समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों पर अक्टूबर 2024 में पकड़े गए पांच आरोपियों के बयान के आधार पर साजिश में शामिल होने का आरोप है.
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को छापेमारी के बाद पकड़ा गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2024 की शाम करीब 5 बजे सूचना मिली थी कि छोटा गोविंदपुर में काली मंदिर के पास एक नवनिर्मित फ्लैट के नजदीक कुछ लोग अवैध हथियारों के साथ जुटे हैं. सूचना में इनके किसी डकैती की योजना बनाने और बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में होने की बात कही गई थी.
सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने छापेमारी की थी. कार्रवाई के दौरान सुजल गोप, दिनेश पात्रो उर्फ शुरू बाबू, राकेश पाल उर्फ सोना भगत, सनूप गोप और असिम दास को पकड़ा गया था.
एक आरोपी के पास से मिला था देशी कट्टा
तलाशी के दौरान पुलिस ने राकेश पाल उर्फ सोना भगत के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद करने का दावा किया था. पांचों आरोपियों को 25 अक्टूबर 2024 को गिरफ्तार कर अगले दिन न्यायिक हिरासत में भेजा गया था.
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान में लखीकांत गोप उर्फ बेगी और समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप के नाम सामने आए थे. दोनों घटना के बाद से फरार बताए जा रहे थे.
पुराने मामलों का भी जिक्र
पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, लखीकांत गोप उर्फ बेगी के खिलाफ परसुडीह थाना क्षेत्र में वर्ष 2016 में रंगदारी, धमकी, चोरी, तोड़फोड़ और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था.
वहीं समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप के खिलाफ परसुडीह थाना क्षेत्र में वर्ष 2018 में रास्ता रोकने, मारपीट, रंगदारी, गाली-गलौज और धमकी से जुड़ा मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों का भी उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में किया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.