Jamshedpur News: जमशेदपुर के भुइयांडीह स्थित नीतिबाग इलाके में सोमवार सुबह से चल रही पुलिस कार्रवाई दोपहर में समाप्त हो गई. कई घंटे तक एक इमारत के छज्जे पर बैठा आरोपी आखिरकार रस्सी के सहारे नीचे उतरा. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.
आरोपी की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है. पुलिस के पहुंचने के बाद वह नीतिबाग परिसर की अलग-अलग इमारतों में भागता रहा. बाद में वह एक इमारत के छज्जे पर पहुंच गया और लंबे समय तक नीचे आने को तैयार नहीं हुआ.
दोस्तों और पुलिस की समझाइश के बाद नीचे उतरा अभिषेक
पुलिसकर्मी लगातार आरोपी से सुरक्षित तरीके से नीचे उतरने और सरेंडर करने को कह रहे थे. इस दौरान उसके कुछ दोस्त भी मौके पर पहुंचे और उससे बातचीत की.
काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस और उसके दोस्तों की मदद से अभिषेक को रस्सी के सहारे छज्जे से नीचे उतारा गया. नीचे आते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.
कार्रवाई के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई थी. पुलिस ने आरोपी को सुरक्षित हिरासत में लेने के बाद स्थिति को सामान्य कराया.
तीन थानों में दर्ज हैं आरोपी के खिलाफ मामले
पुलिस के अनुसार अभिषेक के खिलाफ शहर के तीन अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं. इनमें सीतारामडेरा थाना, गोविंदपुर थाना और सिदगोड़ा थाना शामिल हैं.
बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ साइबर फ्रॉड से जुड़ा मामला भी है. पुलिस अब उससे सभी मामलों को लेकर पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है.
स्थानीय महिला ने चेन छिनतई का भी लगाया आरोप
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद एक स्थानीय महिला ने भी अभिषेक पर चेन छिनतई का आरोप लगाया. महिला का कहना है कि उसकी चेन इसी युवक ने छीनी थी.
पुलिस महिला के आरोप की भी जांच कर रही है. पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.