Ranchi: रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांतीय कार्यालय पर 16 जून की रात हुए पेट्रोल बम हमले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। मामले में झारखंड एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने राज्यभर में सक्रिय आतंकी संगठनों से जुड़े 61 संदिग्धों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सभी जिलों के एसएसपी-एसपी को भेजा गया पत्र
एटीएस ने इस संबंध में राज्य के सभी 24 जिलों के एसएसपी और एसपी को पत्र भेजकर संदिग्ध व्यक्तियों का विस्तृत सत्यापन करने और उनकी गतिविधियों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जांच एजेंसी संदिग्धों के आपराधिक रिकॉर्ड, वर्तमान गतिविधियों और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
NIA की रिमांड पर आरोपी, पूछताछ जारी
वहीं, मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गिरफ्तार दो आरोपियों अमन अंसारी और स्याम सुजान को सात दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती तीन दिनों की पूछताछ में एजेंसी को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच एजेंसियां इस हमले के पीछे की साजिश, आरोपियों के संपर्कों और संभावित सहयोगियों की भूमिका का भी पता लगाने में जुटी हैं।