Gumla Suicide News: गुमला के चैनपुर थाना क्षेत्र के कुल्ही बेंदोरा गांव में 29 वर्षीय विभीषण तुरी का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला. सूचना मिलने के बाद चैनपुर थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विभीषण कुछ दिनों से पारिवारिक कारणों से परेशान था.
पत्नी बच्चों के साथ घर से चली गई थी
परिजनों के मुताबिक, विभीषण तुरी ने प्रेरणा कुमारी से प्रेम विवाह किया था. दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं. विभीषण रांची में मजदूरी करता था.
बताया गया कि तीन दिन पहले उसकी पत्नी बच्चों को लेकर घर से चली गई थी. परिजनों का कहना है कि वह बसिया प्रखंड के जुगो टोली निवासी एक युवक के साथ गई है. घटना की सूचना मिलने पर विभीषण रांची से गांव आया और पत्नी व बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका.
विभीषण के बहनोई संजीत महली ने बताया कि पत्नी का मोबाइल फोन भी बंद था. इससे वह काफी परेशान था.
परिजनों ने शराब पीने के बाद फांसी लगाने की बात कही
परिजनों के अनुसार, विभीषण ने तनाव में शराब पी थी. इसके बाद उसने घर के अंदर रस्सी के सहारे फांसी लगा ली. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई.
पुलिस हर पहलू की जांच कर रही
चैनपुर पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला किन परिस्थितियों में घर से गई थी और युवक की मौत के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.