Bihar Political News: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में उम्मीदवार होंगे. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने रविवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की.
मनोज भारती ने कहा कि प्रशांत किशोर बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे. माना जा रहा है कि वह इसी सप्ताह अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं. यह प्रशांत किशोर का बतौर उम्मीदवार पहला बड़ा चुनाव होगा.
नितिन नबीन के राज्यसभा जाने से खाली हुई सीट
बांकीपुर विधानसभा सीट BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई है. इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है.
उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. BJP के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का विषय मानी जा रही है, क्योंकि बांकीपुर लंबे समय से पार्टी का मजबूत गढ़ रहा है.
1995 से बांकीपुर में BJP का दबदबा
बांकीपुर सीट पर BJP 1995 से लगातार जीत दर्ज करती आ रही है. पिछले विधानसभा चुनाव में नितिन नबीन ने 62.66 प्रतिशत वोट के साथ बड़ी जीत हासिल की थी.
ऐसे में प्रशांत किशोर के सामने BJP के मजबूत संगठन और पुराने वोट बैंक को चुनौती देने की बड़ी जिम्मेदारी होगी. जन सुराज के लिए भी यह उपचुनाव संगठन की जमीनी ताकत का अहम परीक्षण माना जा रहा है.
जनता का समर्थन मिला तो जीतेंगे: प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि बांकीपुर की जनता का समर्थन मिला तो वह चुनाव जरूर जीतेंगे. उन्होंने कहा कि वह लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने और विधानसभा में उनकी आवाज मजबूती से उठाने की कोशिश करेंगे.
उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधानसभा सीट का उपचुनाव नहीं है, बल्कि बिहार सरकार की भी परीक्षा है. प्रशांत किशोर ने दावा किया कि यदि जनता उन्हें चुनती है तो जन सुराज का एक विधायक सरकार के 242 विधायकों पर भारी पड़ेगा.
उन्होंने मतदाताओं से पार्टी या चेहरे के आधार पर वोट नहीं देने की अपील की. कहा कि लोगों को ऐसे प्रतिनिधि को चुनना चाहिए, जो उनके बीच काम करे और उनकी समस्याओं को सदन तक पहुंचाए.
पहले चुनाव नहीं लड़ने का किया था फैसला
प्रशांत किशोर के राघोपुर या अपने गृह क्षेत्र करगहर से विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा पहले भी हुई थी. हालांकि उस समय उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था. अब बांकीपुर उपचुनाव के जरिए वह पहली बार सीधे चुनावी मैदान में उतरने जा रहे हैं.