Bokaro Crime News: बोकारो के बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी अस्पताल के डॉक्टर दंपत्ति के आवास में बड़ी चोरी हुई है. चोरों ने डीजीएम हेल्थ सर्विस डॉ संजय कुमार और उनकी पत्नी स्त्री रोग विशेषज्ञ सह डीजीएम डॉ संगीता रानी के आवास का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति उड़ा ली.
घटना के समय दोनों डॉक्टर डीवीसी मुख्यालय के निर्देश पर कोलकाता स्थित आईआईएम में प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. डॉ संजय कुमार रविवार 5 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे लौटे, तब चोरी की जानकारी हुई.
मुख्य गेट से कमरों तक टूटे मिले ताले
डॉ संजय कुमार ने घर पहुंचने पर देखा कि आवास संख्या टाइप 1/3 के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है. अंदर जाने पर कमरों के ताले भी टूटे मिले.
डॉक्टर दंपत्ति के अनुसार, वे घर से निकलते समय सभी कमरों को लॉक कर गए थे. चोरों ने घर के अंदर रखी दो गोदरेज अलमारियों के लॉकर भी भारी औजार से तोड़ दिए.
14 लाख के गहने, नकदी और CCTV कैमरे चोरी
चोर सोने, चांदी और हीरे की अंगूठियों समेत कई कीमती आभूषण ले गए. चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है.
इसके अलावा घर से 35 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, हाथ की घड़ी और चार सीसीटीवी कैमरे भी चोरी कर लिए गए. कुल चोरी की राशि करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है.
पुलिस और DVC अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलने पर डीवीसी अस्पताल के डीजीएम हेल्थ सह इंचार्ज डॉ एसके झा, सीएसआर के वरीय प्रबंधक मनीष कुमार चौधरी और सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे.
बोकारो थर्मल थाना से सअनि संजय कच्छप और पंकज कुमार भारद्वाज ने भी घटनास्थल की जांच की. पीड़ित डॉ संजय कुमार ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर चोरी की जानकारी दी है.
पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है. चोरी करने वालों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों की भी पड़ताल की जा रही है.