Jamshedpur News: पोटका विधायक संजीव सरदार ने शनिवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई जनहित के मुद्दों को उठाया. बैठक में मलेरिया नियंत्रण अभियान को और प्रभावी बनाने, विकास कार्यों में तेजी लाने और भूरीडीह फाटक से बड़े वाहनों की नो-एंट्री लागू करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई.
भूरीडीह फाटक से नो-एंट्री लागू करने की मांग
विधायक ने उपायुक्त से कहा कि हाता-टाटा मुख्य मार्ग पर बड़े वाहनों के लिए लागू नो-एंट्री व्यवस्था में बदलाव की जरूरत है. उन्होंने सुझाव दिया कि वर्तमान में सुंदरनगर से लागू प्रतिबंध को भूरीडीह फाटक से प्रभावी किया जाए. उनका कहना था कि इससे पोटका और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी.
मलेरिया रोकथाम अभियान तेज करने पर जोर
बैठक में पोटका के मलेरिया प्रभावित गांवों की स्थिति पर भी चर्चा हुई. विधायक ने प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों की संख्या बढ़ाने, घर-घर जांच अभियान में तेजी लाने, पर्याप्त जांच किट उपलब्ध कराने, डीडीटी का छिड़काव, मच्छरदानियों का वितरण और जागरूकता अभियान को और मजबूत करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को समन्वय के साथ तेजी से काम करने की जरूरत है, ताकि संक्रमण को समय रहते नियंत्रित किया जा सके.
विकास कार्यों पर भी हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं और विकास योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई. विधायक ने विभिन्न परियोजनाओं को गति देने और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान भी मौजूद रहे.