RRB Group D Exam 2026: रेलवे में ग्रुप D भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप D लेवल-1 (CEN 09/2025) भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है. कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 3 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी.
22,195 पदों के लिए होगी भर्तीइस भर्ती अभियान के जरिए रेलवे में कुल 22,195 रिक्त पद भरे जाएंगे. इनमें सबसे ज्यादा 11,032 पद ट्रैक मेंटेनर के हैं. इसके अलावा 5,053 पद प्वाइंट्समैन-बी, 1,509 पद असिस्टेंट सिग्नल एंड टेलीकॉम समेत विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी. आरआरबी प्रयागराज के अंतर्गत 1,183 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है, जिनमें 600 पद ट्रैक मेंटेनर के शामिल हैं.
एडमिट कार्ड और सिटी स्लिप कब मिलेगी
आरआरबी के अनुसार, परीक्षा शहर की जानकारी और एससी-एसटी अभ्यर्थियों के लिए ट्रैवल अथॉरिटी परीक्षा से करीब 10 दिन पहले जारी की जाएगी. वहीं, ई-कॉल लेटर यानी एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से लगभग चार दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध होगा. उम्मीदवारों को नियमित रूप से आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है.
परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया जानें
ग्रुप D CBT परीक्षा 90 मिनट की होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. न्यूनतम क्वालिफाइंग अंक सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 40 प्रतिशत, ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) के लिए 30 प्रतिशत तथा एससी और एसटी वर्ग के लिए 30 प्रतिशत निर्धारित हैं.
सीबीटी में सफल अभ्यर्थियों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण होगा. सभी चरण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा.
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा. अभ्यर्थियों को मूल आधार कार्ड या ई-वेरिफाइड आधार की प्रिंटेड कॉपी साथ लानी होगी. रेलवे भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले RRB Apply पोर्टल पर आधार वेरिफिकेशन और UIDAI में आधार की स्थिति की जांच करने की भी सलाह दी है.