BREAKING: आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसंगी चेक डैम में शनिवार को नहाने के दौरान दो स्कूली छात्र गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। डूबे छात्रों की पहचान कल्पनापुरी निवासी उत्सव और स्टाइप निवासी लव के रूप में हुई है। दोनों छात्र स्कूल के विद्यार्थी बताए जा रहे हैं।
एक छात्र का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
गोताखोरों की मदद से लव का शव पानी से बाहर निकाल लिया गया है। जबकि दूसरे छात्र उत्सव का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश के लिए गोताखोरों द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद चेक डैम के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। दोनों छात्रों के डूबने की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि यह वही चेक डैम है, जहां कुछ दिन पहले भी दो छात्रों के डूबने की घटना सामने आई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस डैम में नहाने के दौरान हादसे अक्सर होते रहते हैं, जिससे यह स्थान पहले भी कई बार चर्चा में आ चुका है। बावजूद इसके, यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि डैम के आसपास किसी तरह के चेतावनी संकेत (साइन बोर्ड) भी नहीं लगाए गए हैं, जिससे बाहर से आने वाले लोग खतरे को समझ नहीं पाते और लापरवाही में पानी में उतर जाते हैं। इसी कारण क्षेत्र में लोगों के बीच काफी आक्रोश और नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां जल्द से जल्द सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।