Lohardaga News: लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए एक 16 वर्षीय नाबालिग बालिका की जान बचाई। घटना 2 जुलाई 2026 की है, जब ट्रेन संख्या 18632 चोपन–रांची एक्सप्रेस के लोहरदगा रेलवे स्टेशन से खुलते ही बालिका अचानक चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर कूद गई और घायल हो गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट लोहरदगा की टीम मौके पर पहुंची, उसे सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और ऑपरेशन "सेवा" के तहत एम्बुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया।
डांट से आहत होकर घर छोड़ने का लिया फैसला
अस्पताल में पूछताछ के दौरान बालिका ने अपनी पहचान ममता कुमारी (16) के रूप में बताई। उसने बताया कि वह लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के नदबेलवा गांव की रहने वाली है। माता-पिता और स्कूल के प्रधानाचार्य की डांट से आहत होकर वह मानसिक तनाव में थी। इसी वजह से 1 जुलाई को घर छोड़ दिया, डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में रात बिताई और अगले दिन चोपन–रांची एक्सप्रेस से लोहरदगा पहुंची।
मानसिक तनाव में किया आत्महत्या का प्रयास
बालिका ने बताया कि मानसिक तनाव और निराशा के कारण उसने चलती ट्रेन से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई। समय पर बचाव, प्राथमिक उपचार और अस्पताल पहुंचाने से उसकी हालत सुरक्षित रही।
कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपा गया
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ ने बालिका के परिजनों से संपर्क किया। उपचार के बाद बाल कल्याण समिति, लोहरदगा से आवश्यक अनुमति प्राप्त की गई। माता-पिता के अस्पताल पहुंचने पर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए बालिका को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ की इस मानवीय पहल और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की।