Kashi Temple Firing: वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर और ज्ञानवापी परिसर में शनिवार सुबह सुरक्षा ड्यूटी के दौरान बड़ा हादसा हो गया. पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चलने पर पास की फूल-माला दुकान में काम कर रहे तीन कर्मचारी घायल हो गए. घटना के बाद कुछ देर के लिए परिसर में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सुरक्षा बलों ने हालात पर तुरंत काबू पा लिया और मंदिर की व्यवस्था सामान्य बनी रही.
ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब सात बजे 48वीं वाहिनी पीएसी का जवान अमरनाथ चौहान ज्ञानवापी क्षेत्र में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था. इसी दौरान उसकी कार्बाइन से अचानक गोली चल गई. गोली पास की फूल-माला दुकान तक पहुंची, जहां कर्मचारी रोजमर्रा के काम में लगे हुए थे. गोलियों की आवाज सुनते ही श्रद्धालुओं और आसपास मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया.
तीन कर्मचारी अस्पताल में भर्ती
इस घटना में रामबाबू गौड़, विकास यादव और निखिल गुप्ता घायल हो गए. विकास यादव के हाथ और कमर, रामबाबू गौड़ के पेट और हाथ तथा निखिल गुप्ता के हाथ में गोली लगी. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है. तीनों मंदिर परिसर के पास स्थित फूल-माला की दुकान में कर्मचारी हैं.
गोली चलने के कारणों की जांच शुरू
घटना के तुरंत बाद पुलिस, पीएसी और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया और पूरे परिसर की जांच की गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली पीएसी जवान की कार्बाइन से चली है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना तकनीकी खराबी, हथियार की हैंडलिंग में चूक या किसी अन्य वजह से हुई. सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी.