Jamshedpur News : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित खड़ंगाझार चौक पर प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने 18 भाजपा नेताओं समेत 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह मामला जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के स्ट्रीट लाइट इंस्पेक्टर विश्वजीत मुंडा की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई, कर्मचारियों को काम करने से रोका गया और जबरन दुकानें बंद कराई गईं।
जेएनएसी कर्मी की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
प्राथमिकी के अनुसार, 3 जुलाई की सुबह खड़ंगाझार चौक पर प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली, क्षेत्र में भय का माहौल बनाया, आम लोगों को डराया-धमकाया और दुकानों को बंद कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
18 नामजद नेताओं सहित कई अज्ञात पर कार्रवाई, पुलिस जुटी जांच में
मामले में नीरज शर्मा, विकास शर्मा, मुकेश शर्मा, रतन महतो, पप्पू मिश्रा, जितेंद्र राय, राकेश सिंह, पप्पू सिंह उर्फ लंगड़ा, सतीश सिंह, डी.डी. त्रिपाठी, पुष्पेंद्र मिश्रा, कल्याणी शरण, दीपक पाल उर्फ खोगेश पाल, संजय गोराई, कृष्णा बरी, गणेश सोलंकी, अमित सिंह और रूपेश सिंह उर्फ मुना को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा 10 से 12 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।