Dhanbad News: धनबाद के बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत कतरास थाना क्षेत्र के फुलवार बस्ती के पास शुक्रवार शाम उस वक्त मारपीट की बड़ी वारदात हुई| स्थानीय लोगो के अनुसार, टोटो से पहुंचे छेदरडीह के कुछ युवकों ने फुलवार बस्ती निवासी बीसीसीएल कर्मी पिंटू यादव और निर्भय पांडे पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान पिंटू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर सेंट्रल अस्पताल, धनबाद रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद मौके से फरार हो रहे एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना मिलते ही बाघमारा अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों से भारी संख्या में पुलिस बल और कई थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर वाहन में बैठाया, लेकिन इससे नाराज ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को करीब दो घंटे तक घेरकर रोके रखा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस वाहन वहां से निकल सका।
विधायक और मुखिया ने संभाली स्थिति
बढ़ते तनाव को देखते हुए छेदरडीह पंचायत के मुखिया और बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हमले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।