Palamu: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र स्थित नवडीहा गांव का रहने वाला मजदूर जमुना भुइयां पिछले एक सप्ताह से मुंबई में लापता है। परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य गायब होने के बाद घर में आर्थिक संकट गहरा गया है। पत्नी और छोटी बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, जमुना भुइयां 15 मई को अपने रिश्तेदार श्याम भुइयां के साथ रोजगार की तलाश में मुंबई गया था। वहां मजदूरी कर वह अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। लेकिन 28 जून को वह अचानक अपने कमरे से निकला और फिर वापस नहीं लौटा।
साथियों ने काफी तलाश की, नहीं मिला कोई सुराग
बताया जा रहा है कि जमुना के साथ रहने वाले अन्य मजदूरों और परिचितों ने उसे कई जगह तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब इस घटना की जानकारी गांव में मौजूद परिजनों को दी गई। जमुना भुइयां के लापता होने के बाद परिवार गहरे संकट में आ गया है। उनकी पत्नी और मासूम बेटी पूरी तरह टूट चुकी हैं। बच्ची ने बताया कि पिता के नहीं रहने से घर में खाने-पीने तक की समस्या खड़ी हो गई है और परिवार बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है।
परिजनों ने लोगों से भी मांगी मदद
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय समाजसेवी नागमणि मेहता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया और जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने मुंबई पुलिस के सहयोग से जमुना भुइयां की जल्द तलाश कराने की अपील की है। लाचार परिवार ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को जमुना भुइयां के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा उनके परिजनों को सूचित करें, ताकि उन्हें सुरक्षित घर वापस लाया जा सके।