Hazaribagh Police Action: हजारीबाग जिले में सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हजारीबाग पुलिस ने गुरुवार देर रात विशेष अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान 108 संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर 59 लोगों को हिरासत में लिया गया.
पुलिस ने सभी लोगों का सत्यापन और पूछताछ की. इसके बाद उन्हें भविष्य में अड्डेबाजी, हुड़दंग या किसी भी तरह की सार्वजनिक अव्यवस्था से दूर रहने की चेतावनी देते हुए पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया. वहीं एक व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
46 विशेष टीमों ने संभाला मोर्चा
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की रात जिले के सभी अनुमंडलों और थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया. इसका नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों ने किया. अभियान के लिए 46 विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिसमें कुल 177 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.
टीमों ने उन स्थानों को चिह्नित कर कार्रवाई की, जहां युवकों के जमावड़े, अड्डेबाजी, हुड़दंग और महिलाओं को परेशान करने की शिकायतें मिलती रही हैं. देर रात तक जिले के कई इलाकों में पुलिस की सक्रियता देखी गई.
सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों को चेतावनी
हिरासत में लिए गए 59 लोगों को संबंधित थानों में लाया गया. पुलिस ने उनसे पीआर बॉन्ड भरवाया और दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत दी. पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं या आम नागरिकों को परेशान करने, अनावश्यक जमावड़ा लगाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
पुलिस ने नागरिकों से मांगा सहयोग
हजारीबाग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि उनके इलाके में मनचलों की गतिविधि, अड्डेबाजी, हुड़दंग या संदिग्ध जमावड़े की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाना को सूचना दें. सूचना मिलने पर पुलिस सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करेगी.
पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे.