Jamshedpur Bandh: जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है. बंद से पहले गुरुवार शाम शहर के अलग-अलग मंडलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा. इसकी जानकारी साकची स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी नेताओं ने दी.
हिमांशु सिंह हत्याकांड का उठाया मुद्दा
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि शहर में हत्या, लूट, छिनतई और महिलाओं के साथ होने वाली आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. हिमांशु सिंह हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद शहरवासियों में भय का माहौल बना है.
उन्होंने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अपराध नियंत्रण के बजाय कई मामलों में समझौते की कोशिशें अधिक दिखाई देती हैं. अभय सिंह ने व्यापारियों, उद्योगों, स्कूल प्रबंधन, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से बंद को सफल बनाने की अपील की.
महिलाओं की सुरक्षा और चापड़बाजी पर चिंता
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि कभी सुरक्षित शहर के रूप में पहचान रखने वाला जमशेदपुर अब अपराधियों के बढ़ते हौसलों से जूझ रहा है. उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराध, चापड़बाजी और नशे के कारोबार को गंभीर चिंता का विषय बताया.
उन्होंने पुलिस गश्ती बढ़ाने, नशे के कारोबार के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने और अपराधियों पर ठोस कार्रवाई की मांग की. विधायक ने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर असरदार कार्रवाई जरूरी है.
भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि पार्टी का आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किया जा रहा है. उन्होंने नागरिकों से मशाल जुलूस और 3 जुलाई के जमशेदपुर बंद में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की.