Jagannathpur Rath Yatra Ranchi: राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव और 10 दिवसीय मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं. 16 जुलाई से शुरू होने वाले इस मेले के लिए ठेका प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. इस बार पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर स्थित आरएस इंटरप्राइजेज ने 2 करोड़ 27 लाख 21 हजार 112 रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर मेले का ठेका अपने नाम किया है.
पिछले वर्षों से अधिक रही ठेका राशि
इस वर्ष ठेका राशि पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक रही है. ऐसे में मेले में दुकान, फूड स्टॉल, झूला और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किराया बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. इसका सीधा असर व्यापारियों के साथ-साथ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों पर भी पड़ सकता है.
तीन दिन में जमा करनी होगी आधी राशि
ठेका हासिल करने वाली एजेंसी को नियमों के अनुसार तीन दिनों के भीतर कुल ठेका राशि का 50 प्रतिशत जमा करना होगा. वहीं, शेष राशि के लिए 25 जुलाई तक बैंक गारंटी जमा करनी होगी.
सुरक्षा की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को
इस वर्ष मेले की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी वर्जन सिक्योरिटी एंड फैसिलिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है. सुरक्षा के अलावा एजेंसी स्टॉल आवंटन, बिजली व्यवस्था और मेले से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी संचालन करेगी, ताकि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
16 जुलाई से शुरू होने वाली जगन्नाथपुर रथयात्रा और उससे जुड़ा मेला हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है. प्रशासन ने इस बार भी मेले को सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है.