Ranchi: रांची ट्रैफिक पुलिस ने जून महीने में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करते हुए रिकॉर्ड स्तर पर चालान काटे हैं। इस दौरान लगभग 1,44,124 वाहनों से करीब 9.50 करोड़ रुपये का चालान वसूला गया है। यह जानकारी ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने प्रेस वार्ता में दी। अधिकारियों के अनुसार, मई महीने में लगभग 50 हजार चालान काटे गए थे, जबकि जून में यह संख्या तीन गुना से अधिक बढ़ गई। इससे साफ है कि ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर निगरानी और सख्ती दोनों बढ़ाई गई हैं।
नो पार्किंग और हेलमेट नियमों का सबसे ज्यादा उल्लंघन
आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक मामले नो पार्किंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने के सामने आए।
- नो पार्किंग: 50,500 चालान
- बिना हेलमेट: 58,743 चालान
- पीछे बैठने वाले का हेलमेट नहीं: 547 मामले
- ओवरस्पीडिंग: 2,118 मामले
- रेड लाइट जंप: 4,612 मामले
- ऑटो ओवरलोड: 1,359 मामले
- ड्रंक एंड ड्राइव: 99 मामले
इसके अलावा अन्य ट्रैफिक उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की गई है।
765 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड
ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने पर 765 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि लगातार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अब और सख्त कदम उठाए जाएंगे। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि लोग अभी भी सिविक सेंस का पालन नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण सड़क पर जाम और अन्य समस्याएं पैदा हो रही हैं। उन्होंने कहा कि उद्देश्य लोगों को डराना नहीं बल्कि उन्हें ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना है।
जागरूकता अभियान भी जारी
पुलिस की ओर से बताया गया कि सिर्फ चालान ही नहीं, बल्कि जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लोगों को नियमों के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों को भी ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।