Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर देर रात एक कथित अवैध शराब निर्माण इकाई पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में तैयार शराब और अन्य सामग्री बरामद की गई, जबकि मौके से कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने लगभग 400 कार्टन अवैध शराब बरामद की। इसके अलावा उत्तर प्रदेश का होलोग्राम भी मौके से मिला है, जिससे शराब की पैकेजिंग और लेबलिंग को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित इकाई के संचालन के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं था।
बड़े पैमाने पर तैयार होती थी शराब
जांच एजेंसियों के अनुसार, परिसर में अवैध तरीके से शराब तैयार करने के साथ उसकी पैकेजिंग भी की जा रही थी। बरामद सामग्री से संकेत मिले हैं कि यहां लंबे समय से संगठित तरीके से यह कारोबार चलाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस धंधे से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई है कि यहां तैयार होने वाली शराब की आपूर्ति झारखंड के कई जिलों के अलावा बिहार तक की जाती थी। बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण वहां अवैध रूप से शराब पहुंचाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना होने की भी संभावना जताई जा रही है।
शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस और उत्पाद विभाग अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटे हैं। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार के पीछे किन लोगों की भूमिका है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।