Palamu News : चैनपुर थाना क्षेत्र के केल्हार जंगल में मिली जली हुई महिला की लाश की पहचान घटना के 24 घंटे बाद भी नहीं हो सकी है। पुलिस मृतका की पहचान कराने के साथ-साथ मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है। घटनास्थल से मिले कई अहम साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
पुलिस को शव से कुछ दूरी पर कोल्ड ड्रिंक की बोतल में भरी देसी शराब, प्लास्टिक में रखा चना, पान मसाला के रैपर, भांग के कई पैकेट, एक रुमाल और मृतका के हाथ में पहनी घड़ी बरामद हुई है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास की झाड़ियां और सूखे पत्ते भी जले हुए मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि शव पर किसी ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल कर आग लगाई गई थी। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कई थानों को भेजी गई सूचना, पहचान और आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद चैनपुर थाना प्रभारी लालजी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस बुधवार को भी घटनास्थल पर पहुंचकर अतिरिक्त साक्ष्य जुटाने का प्रयास करेगी।
थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि महिला की पहचान के लिए छत्तीसगढ़ सीमा से सटे थाना क्षेत्रों के अलावा पलामू के रामगढ़ तथा गढ़वा जिले के रंका और रामकंडा थानों को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
गौरतलब है कि मंगलवार को ग्रामीणों ने केल्हार जंगल में पूरी तरह जला हुआ महिला का शव देखा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।