Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित डोबो पार्किंग के समीप रविवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वाहन सवार दो युवक घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, काले रंग की स्कॉर्पियो (JH05DH 5451) में चार से पांच युवक सवार थे।
नशे की आशंका, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक नशे की हालत में थे। तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगा रही है कि स्कॉर्पियो की टक्कर किसी अन्य वाहन से हुई या किसी अन्य वस्तु से।
सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों ने जताई चिंता
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।