Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" के 135वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया में बने तनावपूर्ण हालात का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे समय में नागरिकों ने उनकी अपील पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि लोगों ने सोना खरीदने, विदेश यात्रा और ईंधन की खपत को लेकर संयम दिखाया है.
प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि उन्होंने देशवासियों से जहां तक संभव हो कुछ समय तक नया सोना नहीं खरीदने, विदेश यात्राएं टालने, कार पूलिंग अपनाने और पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील की थी. साथ ही किसानों से प्राकृतिक खेती और रासायनिक उर्वरकों की जगह जैविक खाद के उपयोग को बढ़ाने का आग्रह भी किया था.
"देशवासियों ने अपील को गंभीरता से लिया"
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि लोगों ने उनकी अपील को केवल सुना ही नहीं, बल्कि उस पर अमल भी किया. उनके अनुसार, कई परिवारों ने निर्णय लिया है कि वे अपने पारिवारिक आयोजनों में नया सोना खरीदने के बजाय पुराने सोने को रीसायकल कर उसका उपयोग करेंगे.
उन्होंने बताया कि कई लोगों ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की है कि उन्होंने अपनी विदेश यात्राएं फिलहाल स्थगित कर दी हैं. वहीं, कार पूलिंग को भी लोगों ने अपनाना शुरू किया है, जिससे ईंधन की बचत के साथ ट्रैफिक और प्रदूषण में भी कमी आ रही है.
प्राकृतिक खेती और सार्वजनिक परिवहन पर बढ़ा जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में बसों और मेट्रो जैसी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का उपयोग बढ़ रहा है, जो एक सकारात्मक बदलाव है. उन्होंने यह भी कहा कि कई राज्यों में प्राकृतिक खेती और जैविक खाद की मांग में बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
कार्यक्रम के अंत में पीएम मोदी ने कहा, "मुझे इस बात की खुशी है कि इस ग्लोबल क्राइसिस का हम भारतीय मिलकर मुकाबला कर रहे हैं. मुझे विश्वास है जन भागीदारी की यही शक्ति हमें मजबूती देगी, हमें सफल बनाएगी."