Chaibasa News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बंदगांव थाना क्षेत्र में एक बड़े अफीम तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक (SP) अमित रेनू को इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद बंदगांव पुलिस ने मुख्य सड़क पर घेराबंदी कर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया और तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में कैश और अफीम बरामद
सड़क पर गाड़ियों की जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध चार पहिया वाहन को रोका। जब गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। वाहन के अंदर से 7 किलो अवैध अफीम, 7 लाख रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। जब्त की गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मौके से ही हजारीबाग के रहने वाले आरोपी राहुल कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया।
सप्लाई चेन और बड़े नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़ा गया आरोपी किसी बड़े और संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है। बंदगांव थाना पुलिस फिलहाल आरोपी को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का मुख्य फोकस इस बात पर है कि अफीम की यह इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। आरोपी के मोबाइल डेटा और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए इस धंधे से जुड़े अन्य सफेदपोशों और सप्लायरों का पता लगाया जा रहा है।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
इस बड़ी कामयाबी पर पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बंदगांव पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। एसपी ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।