Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखने के लक्ष्य के साथ जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण दिवस की तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से द्वितीय जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
28 जून को 2.41 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद
बैठक में बताया गया कि 28 जून 2026 को जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 2,41,301 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिलेभर में 2,329 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जबकि अभियान की निगरानी के लिए 423 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। सभी बूथों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी बच्चों को जीवनरक्षक खुराक पिलाएंगे।
कोई भी बच्चा न छूटे, घर-घर चलेगा जागरूकता अभियान
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बूथ दिवस पर अधिकतम बच्चों को खुराक देकर लक्ष्य हासिल किया जाए और कोई भी पात्र बच्चा छूटने न पाए। इसके लिए माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करने तथा आंगनबाड़ी सेविका, सहिया, एएनएम और फील्ड कर्मियों को घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुर्गम क्षेत्रों और प्रवासी-घुमंतू परिवारों के बच्चों तक भी हर हाल में पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
प्रशासन करेगा लगातार निगरानी, हर दिन होगी समीक्षा
बैठक में सभी प्रखंडों के अधिकारियों को पोलियो बूथों का नियमित निरीक्षण, स्वास्थ्य दलों की उपस्थिति और आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि अभियान के दौरान आने वाली किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाए कि अभियान पूरी तरह सफल रहे।
“हर बार पोलियो की दो बूंद” से ही सुरक्षित रहेगा बचपन
उपायुक्त मनीष कुमार ने अभिभावकों से अपील की कि 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ या आंगनबाड़ी केंद्र ले जाकर पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं। उन्होंने कहा कि पहले खुराक मिल चुकी हो, तब भी राष्ट्रीय अभियान के दौरान अतिरिक्त खुराक जरूरी है, क्योंकि “हर बार पोलियो की दो बूंद” बच्चों की सुरक्षा को और मजबूत बनाती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही पश्चिमी सिंहभूम को हमेशा के लिए पोलियो मुक्त बनाए रखा जा सकता है।