Jharkhand News: झारखंड में सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में राज्य सरकार एक और अहम कदम उठाने जा रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून को रांची के खेलगांव स्थित ताना भगत स्टेडियम में आयोजित समारोह के दौरान 1,042 चयनित सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे.
नियुक्ति प्रक्रिया पूरी, समारोह की तैयारी अंतिम चरण में
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अनुसार नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं. जिला स्थापना समितियों से प्राप्त अनुशंसाओं के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं. इन नियुक्तियों से प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने में मदद मिलेगी.
प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में होगी तैनाती
इस चरण में कक्षा 1 से 5 के लिए 274 और कक्षा 6 से 8 के लिए 768 सहायक आचार्यों की नियुक्ति की जाएगी. मध्य विद्यालयों में सामाजिक विज्ञान के 387, गणित एवं विज्ञान के 231 तथा भाषा विषय के 150 शिक्षकों की तैनाती होगी.
पलामू में सबसे अधिक, रामगढ़ में सबसे कम नियुक्तियां
जिलावार नियुक्तियों में पलामू सबसे आगे है, जहां 123 सहायक आचार्यों को नियुक्ति मिलेगी. इसके बाद गिरिडीह (92), कोडरमा (81), साहिबगंज (63), पश्चिमी सिंहभूम (61), देवघर (59), दुमका (54), गोड्डा (53) और पाकुड़ (51) में नियुक्तियां होंगी. वहीं, रामगढ़ जिले में सबसे कम चार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलेगा.
26 हजार भर्ती प्रक्रिया में अब तक 12,500 शिक्षकों की नियुक्ति
राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में करीब 26 हजार सहायक आचार्यों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की थी. अब तक लगभग 12,500 शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है. 29 जून को आयोजित होने वाले इस नियुक्ति समारोह के बाद यह संख्या और बढ़ जाएगी, जिससे सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में सरकार को और मजबूती मिलेगी.