Ranchi: मोहर्रम पर्व के अवसर पर शनिवार, 27 जून को जिले में निकलने वाले ताजिया और अखाड़ा जुलूस को ध्यान में रखते हुए रांची जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। प्रशासन का कहना है कि जुलूस के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रह सकती है, जिससे विद्यार्थियों के आवागमन में परेशानी होने की आशंका है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिले के सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त तथा गैर-सरकारी विद्यालय 27 जून को बंद रहेंगे। यह आदेश जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों पर समान रूप से लागू होगा।
पूर्व निर्धारित परीक्षाओं को दी गई विशेष अनुमति
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों में पहले से परीक्षा कार्यक्रम तय है, वे आवश्यक स्थिति में परीक्षा आयोजित कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित विद्यालयों को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को पहले से सूचना देना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। साथ ही लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह भी किया गया है।