Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-26

Jharkhand News: अब 30 सितंबर तक करा सकेंगे JAC प्रमाण पत्रों में सुधार, परिषद ने बढ़ाई आवेदन की समय सीमा

Jharkhand News: झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने प्रमाण पत्रों में त्रुटि सुधार कराने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है. परिषद ने संशोधन के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है. पहले यह समय सीमा 30 जून 2026 तक निर्धारित थी.

परिषद के इस निर्णय का लाभ उन सभी विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्होंने स्थापना काल से लेकर वर्ष 2024 तक आयोजित झारखंड बोर्ड की परीक्षाएं उत्तीर्ण की हैं. संशोधन की सुविधा पंजीयन रसीद, प्रवेश पत्र, अंकपत्र, प्रवजन (Migration) प्रमाण पत्र, औपबंधिक (Provisional) प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र समेत अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों पर उपलब्ध रहेगी.

हालांकि, परिषद ने स्पष्ट किया है कि विस्तारित अवधि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. विद्यार्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे. इसके अलावा न्यायिक दंडाधिकारी (Judicial Magistrate) द्वारा जारी शपथ पत्र संलग्न करना भी अनिवार्य रहेगा.



झारखंड अधिविद्य परिषद ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है. परिषद का कहना है कि कई मामलों में वर्षों बाद संशोधन का अनुरोध मिलने से पहले से उपयोग किए जा चुके प्रमाण पत्रों में बदलाव करना जटिल हो जाता है और अनावश्यक प्रशासनिक कठिनाइयां पैदा होती हैं.

इसी कारण परिषद ने जिन विद्यार्थियों के प्रमाण पत्रों में नाम, जन्मतिथि या अन्य विवरण से जुड़ी किसी भी प्रकार की त्रुटि है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 सितंबर 2026 तक परिषद कार्यालय में आवेदन जमा करने की सलाह दी है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !