Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक पुलिसकर्मी और युवक के बीच सड़क पर हुए विवाद ने हाई वोल्टेज ड्रामा का रूप ले लिया. मामूली विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई. बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया.
घटना के बाद युवक प्रदीप सिंह ने पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाए. युवक का कहना है कि वह बिष्टुपुर से जुगसलाई की ओर जा रहा था, तभी पुलिसकर्मी कदम की ओर से तेज रफ्तार में एक स्कूटी सवार पुलिसकर्मी आया. उसके अनुसार दोनों वाहनों के बीच कोई टक्कर नहीं हुई थी, फिर भी पुलिसकर्मी ने उसे रोककर पहले गाली-गलौज शुरू कर दी.
युवक का आरोप है कि उसने पुलिसकर्मी से शांत रहने और अपने रास्ते जाने का आग्रह किया, लेकिन पुलिसकर्मी लगातार अपशब्द कहता रहा. जब उसने कारण पूछने की कोशिश की तो पुलिसकर्मी ने खुद को पुलिस विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता. युवक का यह भी आरोप है कि पुलिसकर्मी आधी वर्दी में था, गाड़ी पर पुलिस का लोगो लगा हुआ था और वह नशे की हालत में दिखाई दे रहा था.
प्रदीप सिंह के मुताबिक विवाद के दौरान पुलिसकर्मी ने उसके साथ धक्का-मुक्की की. इसी दौरान पुलिसकर्मी को भी चोट लगी. युवक ने बताया कि उसने तत्काल डायल 112 पर सूचना देने की कोशिश की और मामले की जानकारी पुलिस को दी. उसने यह भी कहा कि पुलिसकर्मी का उनका वीडियो बना रहा था जिससे उसने उसका मोबाइल अपने पास इसलिए रखा ताकि पुलिस मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके. बाद में मोबाइल प्रशासन को सौंपने की बात भी कही.
वहीं दूसरी ओर पुलिसकर्मी का कहना है ने इस दावे को पूरी तरह खारिज किया है. उसके अनुसार उक्त व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की. हालांकि बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया.